मुंबई |
महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को अपने संबोधन में कोरोना वायरस से निपटने के लिए कई पाबिदियों का ऐलान किया है, हालांकि सीएम ने कंप्लीट लॉकडाउन लगाने की बात नहीं की है लेकिन उन्होंने कहा कि कल रात 8 बजे से कोरोना के नए प्रतिबंध लागू होंगे।
इस बीच सीएम ठाकरे ने गरीब लोगों के मदद की बात भी की है। उन्होंने कहा हम केंद्र सरकार से अपील करते हैं कि पाबंदियों के चलते जो लोग आर्थिक तौर पर प्रभावित हो रहे हैं, उन्हें भी मदद की जाए। साथ ही ठाकरे ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि अगले एक महीने तक 7 करोड़ लोगों को राज्य सरकार की ओर से तीन किलो गेहूं और एक किलो चावल दिया जाएगा। जिनके पास राशन कार्ड होगा वह सरकारी कोटे से इसे प्राप्त कर सकेंगे। सीएम ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की रोटी न रुके, इसलिए हम यह व्यवस्था कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 12 लाख मजदूरों को 1500 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगाी। वहीं आदिवासी परिवारों को भी 2000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगाी।इसके अलावा अधिकृत फेरीवालों और परमिट धारक रिक्शाचालकों को भी 1500 रुपया दिए जाएंगे। वहीं सभी जिलाधिकारियों को भी एक निश्चित राशि दी जाएगी, जिससे वे अपने जिले में कोरोना से संबंधित आवश्यक प्रबंधन कर सकें।
सीएम ने कहा कि हो सकता है कि यह कोरोना के नए नियम आपके मन-मुताबिक न हो, लेकिन तब भी ऐसा करना पड़ रहा है। उन्होंने लॉकडाउन शब्द का इस्तेमाल न करते हुए इसे ‘ब्रेक द चेन अभियान’ करार दिया। सीएम उद्धव ठाकरे ने साफ किया कि जरूरी सेवाओं को छोड़कर सारे दफ्तर बंद रहेंगे। ईकॉमर्स, बैंक, मीडिया, पेट्रोल पंप, सुरक्षा गार्ड जैसे लोगों को इसमें छूट दी गई है।
उद्धव ठाकरे ने बताया कि आज 24 घंटे में महाराष्ट्र में एक बार फिर से 60,000 से ज्यादा कोरोना केस सामने आए हैं। मुंबई में भी कोरोना के 7,898 केस मिले हैं।सीएम ने कहा कि हमने इस साल की शुरुआत कोरोना मुक्त होने के लक्ष्य के साथ की थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। बीच में ऐसा लगा था कि जैसे हम इस महामारी से जीत गए हैं, लेकिन फिर से इसका उभार हुआ है।





