लंदन
कोरोना महामारी के बीच ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक का अपनी सहयोगी जीना कोलाडंगेलो को किस करना महंगा पड़ गया। लोगों ने उन पर सोशल डिस्टेंसिंग के नियम तोड़ने का आरोप लगाते हुए पद छोड़ने की मांग की थी, इसके बाद रविवार को हैनकॉक ने इस्तीफा दे दिया।
हैनकॉक ने अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को भेजा है। हैनकॉक ने लिखा, ‘इस महामारी में आम लोगों ने जितनी कुर्बानियां दी हैं, उन्हें देखते हुए अगर हम उनके साथ कुछ गलत करते हैं तो हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम ईमानदार रहें।’

मैट हैनकॉक की सहयोगी जीना कोलाडंगेलो उनके ऑफिस में ही साथ काम करती हैं। -फोटो क्रेडिट: द सन
42 साल के हैनकॉक 15 साल से शादीशुदा
ब्रिटेन की न्यूज वेबसाइट ‘द सन’ के मुताबिक, 42 साल के हैनकॉक की शादी को 15 साल हुए हैं। उनकी पत्नी मार्था के साथ तीन बच्चे भी हैं। वहीं, जिस सहयोगी के साथ उनके अफेयर की चर्चा है वह भी शादीशुदा हैं। रिपोर्ट्स में बताया गया है कि दोनों की मुलाकात ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में हुई थी।

42 साल के हैनकॉक की शादी को 15 साल हुए हैं। उनकी पत्नी मार्था के साथ तीन बच्चे भी हैं। -फोटो क्रेडिट: द सन
हैनकॉक ने अपने मंत्रालय में दी थी नौकरी
जीना कोलाडंगेलो ने भी स्वास्थ्य मंत्रालय में अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनकी नियुक्ति को लेकर भी हैनकॉक पर विपक्षी पार्टियां हमलावर थीं। विपक्षी दलों का आरोप है कि कोलागंडेलो को सितंबर 2020 में मंत्रालय में नॉन-एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर नियुक्त किया गया था। हैनकॉक ने उन्हें 15 हजार पाउंड सालाना सैलरी पर नियुक्त किया था। उन्हें साल में सिर्फ 15 से 20 दिन काम करना था।
बताया जा रहा है कि हैनकॉक और कोलागंडेलो यूनिवर्सिटी के दिनों से दोस्त हैं। उनकी नियुक्ति के समय विपक्ष ने मंत्री हैनकॉक पर अपने पद के दुरुपयोग का आरोप लगाया था। उन्होंने इसे टैक्स पेयर्स के साथ नाइंसाफी बताया।

जीना कोलाडंगेलो पति ओलिव ट्री के साथ। दोनों के तीन बच्चे हैं। ओलिव बिजनेसमैन हैं। -फोटो क्रेडिट: द सन
एक दिन पहले माफी मांगी थी
मैट हैनकॉक और उनकी गर्लफ्रेंड जीना कोलाडंगेलो की एक तस्वीर सामने आई थी, जिसमें दोनों एक दूसरे को किस कर रहे हैं। इस तस्वीर के वायरल होने के बाद हैनकॉक के खिलाफ लोग सोशल मीडिया पर गुस्सा उतार रहे थे। उनसे इस्तीफे की भी मांग की जाने लगी। हालांकि, हैनकॉक ने इस्तीफा देने से मना कर दिया और कोरोना प्रोटोकॉल तोड़ने को लेकर माफी मांग ली थी। बताया जा रहा है कि दोनों की तस्वीर 6 मई को ली गई थी। हैनकॉक के बचाव में उतरे उनके साथियों का कहना है कि यह उनका निजी मामला है और मंत्री पद से इसका संबंध नहीं है।





