इंदौर। अखिल भारतीय शांति एवं एकजुटता संगठन द्वारा 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्लास्टिक प्रदूषण पर केन्द्रित विचार गोष्ठी का आयोजन श्रम शिविर, इंदौर में किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ पर्यावरणविद श्री ओ पी जोशी थे। अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष मण्डल सदस्य, सुरेश उयाध्याय, शिवाजी मोहिते एवं श्याम सुंदर यादव ने की। विषय प्रवर्तन अरविंद पोरवाल ने किया। सभा में एकल उपयोग प्लास्टिक के उपयोग को निरुत्साहित करने और इस संबंध में जन-जागृति के लिए काम करने का संकल्प लिया गया। कान्ह नदी के पुनर्जीवन के लिए जारी प्रयासों में भी संस्था द्वारा सहभागिता का प्रस्ताव पारित किया गया। श्रम शिविर परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
मुख्य अतिथि श्री ओ पी जोशी ने प्लास्टिक प्रदूषण के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज हम प्लास्टिक युग में जी रहे है और प्लास्टिक हमारी जीवन शैली का अंग बन चुका है। आसन्न और स्पष्ट खतरों के बावजूद इसके आर्थिक और सामाजिक पहलू हैं और इसका उपयोग पूर्णतया बंद करना असंभव है। आज दुनिया में उपयोग किए जा रहे एकल उपयोग प्लास्टिक का 10 प्रतिशत ही रिसाइकल हो रहा है और हमारी धरती और समुद्र प्लास्टिक कचरे से लगातार प्रदूषित हो रही है। अनेक शोध का हवाला देते हुए उनने बताया कि खाध्य एवं पेय सामाग्री की पैकेजिंग एवं भंडारण में इसके उपयोग से माइक्रो-प्लास्टिक कण मानव शरीर में पहूंचकर स्वास्थ्य संबंधी विकृतियाँ और बीमारी पैदा कर रहे हैं। आज आवश्यक है कि हम अपनी सामाजिक एवं मानवीय ज़िम्मेदारी को समझें और एकल उपयोग प्लास्टिक के उपयोग को निरुत्साहित और खत्म करने कि दिशा में ईमानदार प्रयास करें।

श्री सुरेश उपाध्याय ने कहा कि आज सरकार और बाज़ार के लिए हम केवल एक उपभोक्ता हैं। आज हमारी चिंताओं और सरोकारों में पर्यावरण, आदमी और रहने लायक दुनिया कहीं नहीं है। दुनिया में लगातार घटित हो रही प्राकृतिक आपदाएँ हमारी मनुष्य निरपेक्ष सोच का ही परिणाम है। हमें बेहतर भविष्य के लिए वर्तमान नज़रिया बदलना होगा।

कांग्रेस के प्रदेश सचिव श्री राहुल निहोरे ने कहा कि हमें, वायु, जल, ध्वनि प्रदूषण जैसे तमाम मुद्दों पर एक साथ ध्यान देना होगा।
विषय प्रवर्तन करते हुए अरविंद पोरवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण कि दिशा में सरकारों और कार्पोरेटों का रवैया मजबूरी वाला और रस्मी होता है और जो भी काम हो रहे हैं वे जन-दबावों के चलते ही संभव हुए हैं। एक बेहतर और रहने लायक दुनिया का निर्माण संगठन के कार्य-लक्ष्यों में शामिल है और पर्यावरण रक्षा कि दिशा में जन चेतना और जन-आंदोलन खड़ा करना संगठन कि प्राथमिकताओं में है।

इस अवसर पर रामस्वरूप मंत्री, विवेक मेहता, रुद्रपाल यादव, अशोक दुबे, अरुण चौहान, सोहनलाल शिंदे, रमेश झाला, विजय दलाल, चुन्नीलाल वाधवानी, लक्ष्मीनारायण पाठक, सपना वाधवानी दिलीप कौल, भारतसिंह ठाकुर, सीताराम सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे।





