ओस्लो
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यूरोप दौरे के तीसरे दिन पेरिस की साइंसेज पो यूनिवर्सिटी में छात्रों को संबोधित किया। राहुल ने कहा कि सरकार हमारे I.N.D.I.A गठबंधन के नाम से चिढ़ गई है। इसी वजह से देश का नाम बदलना चाहती है।
मैंने गीता पढ़ी है। उपनिषद पढ़े हैं और कई हिंदू किताबें भी पढ़ी हैं। इस आधार पर मैं कह सकता हूं कि बीजेपी जो करती है, उसमें कुछ भी हिंदूवादी नहीं है।
राहुल आज नॉर्वे की राजधानी ओस्लो जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वहां वे एक प्रवासी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वे G20 समिट खत्म होने के 2 दिन बाद यानी 13 सितंबर को भारत लौटेंगे।

राहुल ने पेरिस में भारत vs इंडिया विवाद, हिंदुत्व समेत कई मसलों पर बातचीत की और बीजेपी सरकार पर हमला बोला।
पेरिस में राहुल की 3 बड़ी बातें …
1. भारत में निचली जाति की आवाज दबाई जा रही
राहुल ने देश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमले को लेकर भी बातचीत की। उन्होंने कहा, BJP और RSS भारत की निचली जाति, पिछड़ी जाति और इसके अलावा अल्पसंख्यकों की अभिव्यक्ति को रोकने की कोशिश कर रही हैं। मैं ऐसा भारत नहीं चाहता हूं, जहां लोगों के साथ बदसलूकी किया जाए।
2. भाजपा के लोग हिंदू राष्ट्रवादी नहीं हैं
BJP की विचारधारा पर राहुल ने कहा कि मैंने कभी किसी हिंदू किताब में नहीं पढ़ा और न किसी हिंदू विद्वान से सुना कि आपको उन्हें नुकसान पहुंचाना चाहिए, जो आपसे कमजोर हैं। ये बीजेपी के लोग हिंदू राष्ट्रवादी नहीं हैं। उनका हिंदू धर्म से कोई लेना-देना नहीं है। वे सत्ता पाने के लिए कुछ भी करते हैं।
3. भारत में करोड़ों लोग असहज महसूस करते हैं
भारत में सिख समुदाय सहित 20 करोड़ लोग असहज महसूस कर रहे हैं। ये हमारे लिए शर्म की बात है। इसे ठीक करने की जरूरत है। ऐसे अल्पसंख्यक भी हैं, जो असहज महसूस करते हैं। ऐसी महिलाएं भी हैं, जो सुरक्षित महसूस नहीं करती हैं।

राहुल ने कहा कि भारत में सिख समुदाय सहित 20 करोड़ लोग असहज महसूस कर रहे हैं।
बेल्जियम में राहुल बोले- रूस-यूक्रेन जंग पर सरकार के साथ

शुक्रवार को ब्रसेल्स के प्रेस क्लब में राहुल गांधी ने कहा- हम रूस-यूक्रेन जंग पर देश के रुख का समर्थन करते हैं। रूस से हमारे अच्छे रिश्ते हैं। विपक्ष भी इस मुद्दे पर वही स्टैंड लेता जो सरकार ने लिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रूस और अमेरिका दोनों देशों के साथ संबंधों से जुड़े एक सवाल पर राहुल ने कहा- भारत एक बड़ा देश है। हमारे कई देशों के साथ संबंध और पार्टनरशिप हैं। भारत का हक है कि वो जिससे चाहे उससे रिश्ते रख सकता है।
राहुल बोले- भारत में गांधी-गोडसे विजन की लड़ाई
राहुल गांधी ने कहा- भारत में इस वक्त महात्मा गांधी और नाथूराम गोडसे के विजन के बीच लड़ाई है। लोकतंत्र और संस्थान पर हमला हुआ है। हिंसा-भेदभाव बढ़ा है। अल्पसंख्यक, दलित, आदिवासी और निचली जातियां पर हमला किया जा रहा है।
I.N.D.I.A अलायंस को लेकर सरकार घबराई हुई है। हम भारत की आवाज हैं। इसे लेकर प्रधानमंत्री डरे हुए हैं इसीलिए वो देश का नाम बदलना चाहते हैं। यह पूरा मुद्दा अडाणी पर मेरी प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद हुआ, जिससे देश का ध्यान भटकाया जा सके।

गुरुवार रात यूरोपीय यूनियन के सांसदों के साथ राहुल गांधी।
राहुल ने गुरुवार को ब्रसेल्स में यूरोपीय यूनियन के सांसदों से मुलाकात की। राहुल की इन सांसदों से मुलाकात को एल्विना एल्मेत्सा ने होस्ट किया। उनके साथ पियरे लारोतुरो भी थे।
राहुल का साल का तीसरा विदेश दौरा
ये राहुल का इस साल का तीसरा विदेश दौरा है। इससे पहले वे मार्च में ब्रिटेन और जून में अमेरिका दौरे पर गए थे। बीते 9 साल में राहुल की 22 विदेश यात्राएं विवादित और सोशल मीडिया पर चर्चा में रही हैं। इनमें एक जर्मनी का वह दौरा भी है, जिसमें उन्होंने संसद में PM मोदी को गले लगाने का राज खोला था।





